वाराणसी। जनपद के 20 जुलाई 2026 मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के अंतर्गत वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, बलिया, भटनी, छपरा, देवरिया सदर, मऊ, सीवान और प्रयागराज रामबाग सहित संबंधित स्टेशनों पर पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधन विभाग के नेतृत्व में स्वच्छता रैलियां निकाली गईं।

रेलवे कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों ने यात्रियों व स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, प्रवेश-निकास द्वार और रेल कोचों में विशेष सफाई की गई। यात्रियों से कचरा न फैलाने तथा गीले और सूखे कचरे के लिए हरे व नीले डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की गई।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ रेलवे परिसर का निर्माण जनसहयोग से ही संभव है। यात्रियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से अभियान सफल रहा। वाराणसी मंडल भविष्य में भी स्वच्छ, सुंदर और यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण के लिए ऐसे अभियान जारी रखेगा।







