बलिया। जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस की समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री आवास योजना और फैमिली आईडी की खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र ‘ए’ श्रेणी में सुधार लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की धीमी प्रगति पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को फटकार लगाते हुए डीएम ने चेतावनी दी कि इस माह कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोक दिया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत से पात्र लाभार्थियों के कम से कम दो-तीन आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। मंडी आय की रैंकिंग ‘सी’ पाए जाने पर भी नाराजगी जताते हुए अगले माह तक सुधार न होने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी।
डीएम ने नई सड़कों के निर्माण में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित पाए गए जिला पंचायत राज अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया।
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन कार्यालय पहुंचते ही पोर्टल देखने और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर शिकायत का निस्तारण न होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सीआरओ गुलशन जी, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








