बलिया । शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को जज बंगला के पास चलती कार पर बाइक सवार युवकों द्वारा कथित रूप से ईंट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित आदर्श कुमार के अनुसार, वह ओवरब्रिज से होते हुए टी.डी. कॉलेज मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए बाइक सवार कुछ युवकों ने अचानक उनकी कार पर ईंट से प्रहार कर दिया। हमले से कार असंतुलित हो गई और चालक ने किसी तरह वाहन को संभाला।
घटना के बाद बाइक सवार युवक टी.डी. कॉलेज की ओर भाग निकले। पीड़ित ने मंगलवार सुबह करीब नौ बजे शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कंवर सिंह चौराहा, जज बंगला और टी.डी. कॉलेज मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने का अनुरोध किया है।
पीड़ित का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









