गाजीपुर । जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जफरपुर गांव में मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए गंभीर परेशानी बनी हुई है। इसी मार्ग के सामने स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में प्रतिदिन करीब 700 से 800 छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं। सड़क पर लंबे समय से जमा पानी के कारण बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जलभराव के कारण सड़क पर फिसलन बनी रहती है, जिससे कई बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो जाती है और पानी कई दिनों तक सड़क पर जमा रहता है।
स्कूल प्रबंधक संजय यादव ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
रिपोर्टिंग उमेश यादव गाजीपुर।








