नई दिल्ली। संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ हैं और यह एक ‘घोर पाप’ है। प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। सूत्रों के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 13 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक के बाद दोबारा परीक्षा भी कराई गई और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी परीक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।
पीएम मोदी ने सभी राज्य सरकारों से मिलकर काम करने का आह्वान किया, ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।








