गाजीपुर । राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक मंगलवार को विकास भवन के सभाकक्ष में जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विकास भवन की खराब आरओ मशीन को शीघ्र ठीक कराने, कर्मचारियों के साथ कुछ अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कथित अमर्यादित व्यवहार तथा परिषद के द्विवार्षिक अधिवेशन एवं चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी कर्मचारी संगठनों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी या संगठन के पदाधिकारी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों के सम्मान से खिलवाड़ हुआ तो संबंधित अधिकारियों की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्यालय से लेकर सड़क तक आंदोलन किया जाएगा।
संघर्ष समिति के चेयरमैन विवेक सिंह शम्मी ने भी कर्मचारियों के सम्मान की रक्षा का भरोसा दिलाया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं चुनाव अक्टूबर 2026 में कराया जाएगा। बैठक का संचालन ओंकार नाथ पांडेय और आलोक राय ने किया, जबकि अनेक कर्मचारी नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








