मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हर घर जल योजना एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल योजनाओं की नियमित जलापूर्ति में आ रही बाधाओं के निराकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने हर घर जल योजना के तहत कार्य कर रही एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत कराकर शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव या घर में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
बैठक में सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विकास खंडों में जलापूर्ति व्यवस्था का सत्यापन कराएं और सोमवार तक हर हाल में रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर अधिशासी अभियंता जल निगम संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से आवश्यक मरम्मत कार्य कराएंगे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी गांव या घर में अब तक हर घर जल योजना के तहत कनेक्शन नहीं दिया गया है और संबंधित परिवार कनेक्शन लेना चाहता है, तो उसका कनेक्शन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि डीपीआर में कुछ गांव या क्षेत्र छूट गए हैं, तो वहां बिछाई गई पाइपलाइनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है, वहां नियमित और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजेता, अधिशासी अभियंता जल निगम तथा संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।











