Search
Close this search box.

ईर्ष्या में पैरा एथलीट की हत्या, दोस्त ने उसी के खाते से पैसे निकाल खरीदी पिस्टल

गाजियाबाद: पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी यश खटीक ने चिराग त्यागी के ही बैंक खाते से रुपये निकालकर पिस्टल खरीदी और उसी हथियार से उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में हथियार उपलब्ध कराने में मदद करने वाले एक अन्य पैरा एथलीट गगन त्यागी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मुरादनगर के भिकनपुर निवासी अभय उर्फ अभिनव ने 62 हजार रुपये में पिस्टल मुहैया कराई थी। फिलहाल पुलिस अभय की तलाश कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि यश खटीक और चिराग त्यागी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में साथ प्रशिक्षण लेते थे। चिराग का चयन एशियन गेम्स के लिए हो गया था, जबकि यश चयनित नहीं हो सका। जांच में सामने आया कि इस बात को लेकर यश के मन में चिराग के प्रति ईर्ष्या और हीन भावना पैदा हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, चिराग की लगातार मिल रही सफलताओं और पदकों से नाराज यश ने अपने साथी गगन त्यागी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। योजना के तहत अभय उर्फ अभिनव से पिस्टल मंगाई गई और हत्या को अंजाम देने की तैयारी की गई।

शनिवार सुबह यश खटीक चिराग को अपने साथ साई उपवन ले गया। वहां सुनसान स्थान पर उसने पीछे से चिराग के सिर में गोली मार दी। पहली गोली लगने के बाद जब चिराग कुछ दूरी तक आगे बढ़ा तो आरोपी ने दूसरी गोली उसकी पीठ में मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी अभय उर्फ अभिनव की तलाश जारी है। मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें