सोनभद्र । हिंदी साहित्य, कविता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सोनभद्र की प्रतिष्ठित लेखिका, कवयित्री, शायर और आलोचक डॉ. रचना तिवारी को विंध्य गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मिर्जापुर में आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस एवं विंध्य गौरव सम्मान समारोह-2026 के अवसर पर प्रदान किया गया।

प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह का आयोजन 1 जून 2026 को मिर्जापुर में किया गया। समारोह में साहित्य, शिक्षा, कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न विभूतियों को सम्मानित किया गया।

डॉ. रचना तिवारी को यह सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि एवं परिवार न्यायालय, मिर्जापुर के प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार शुक्ला ने प्रदान किया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त विंध्याचल मंडल डॉ. विश्राम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, प्रोफेसर डॉ. संजीव सिंह, डीएफओ राकेश कुमार, विंध्य मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, शिक्षाविद, पत्रकार, छात्र और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
डॉ. रचना तिवारी हिंदी साहित्य की जानी-मानी हस्ती हैं। उनकी एक दर्जन से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा उन्होंने देशभर के अनेक साहित्यिक मंचों पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से पहचान बनाई है। उनकी चर्चित कृतियां ‘मेरे गीत तुम ही से जन्मे’ और ‘सपनों की उम्र नहीं होती’ साहित्य जगत में विशेष रूप से सराही गई हैं।
विंध्य गौरव सम्मान प्राप्त कर डॉ. रचना तिवारी ने न केवल अपनी साहित्यिक उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा है, बल्कि सोनभद्र जनपद का गौरव भी बढ़ाया ।










