वाराणसी । जनपद के रोहनिया क्षेत्र के अखरी निवासी राकेश तिवारी की बेटी के वर्ष 2024 में कथित अपहरण के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पीड़ित पिता अपनी बेटी की तलाश में मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, भाजपा के मंत्रियों और विधायकों तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
अजय राय ने दावा किया कि घटना टोल प्लाजा पर लोकेशन मिलने के बाद हुई थी, इसके बावजूद जांच एजेंसियां बच्ची का पता लगाने में असफल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार पिछले दो वर्षों से न्याय की उम्मीद में दर-दर भटक रहा है। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर बेटी की शीघ्र बरामदगी की मांग की है।






