मिर्जापुर । जनपद के धुन्धीकटरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112, फायर ब्रिगेड और कोतवाली शहर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की चपेट में आने से इमरान अहमद की जूता-चप्पल की दुकान, शैलेंद्र सोने तथा गणेश शांतनु की रेडीमेड कपड़ों की दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।






