वाराणसी। गंगा नदी में बढ़ती जलधारा और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने घाटों पर विशेष सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया। थाना दशाश्वमेध क्षेत्र के शीतलाघाट चौकी प्रभारी रवि सिंह ने जल पुलिस के साथ गहरे और चिन्हित असुरक्षित घाटों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं को गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूर रहने, निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने तथा सावधानी बरतने की सलाह दी गई। पुलिसकर्मियों ने लोगों को बताया कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। वहीं नाविकों को निर्देशित किया गया कि वे यात्रियों और श्रद्धालुओं को असुरक्षित स्थानों पर स्नान करने से रोकें तथा सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराएं।
चौकी प्रभारी रवि सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से घाटों पर लगातार निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने “सुरक्षित स्नान, सुरक्षित जीवन” का संदेश देते हुए लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और केवल सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की।





