राजातालाब । आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी विद्युत उपकेंद्रों के संविदा कर्मियों की एक आवश्यक बैठक ठठरा विद्युत उपकेंद्र पर आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्मार्ट मीटर, राजस्व वसूली (रिवेन्यू) तथा शटडाउन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।
बैठक में अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर के नेगेटिव बैलेंस की स्थिति, जून माह के निर्धारित रिवेन्यू लक्ष्य और उपभोक्ताओं से राजस्व संग्रह बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने लाइनमैन एवं अन्य कर्मचारियों को सेफ्टी उपकरणों के सही उपयोग, शटडाउन लेकर सुरक्षित तरीके से कार्य करने तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर बताया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों का नियमित रूप से प्रयोग करने और सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाने की शपथ दिलाई गई। बैठक में उपखंड अधिकारी राजेश कुमार यादव, अवर अभियंता अखिलेश यादव तथा अवर अभियंता विनम्र पटेल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





