सोनभद्र । के दुद्धी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सायल (सरडीहा) में एक 13 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान प्रियंका यादव, पुत्री मीतराज यादव, के रूप में हुई है, जो कक्षा 7 की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार प्रियंका 5 जून को बिना बताए घर से निकल गई थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं में शव देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान प्रियंका के रूप में की। सूचना मिलते ही दुद्धी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम का माहौल है। दुद्धी थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया कुएं में डूबने से मृत्यु की सूचना मिली है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।








