वाराणसी। 06 जून 2026 मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार को बलिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर चल रहे पुनर्विकास एवं अधोसंरचना कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान भारत सरकार के परियोजना निगरानी समूह (पीएमजी) के प्रबंधक श्वेतांक सिन्हा, एसोसिएट पीएमजी पारुल श्रीवास्तव सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया विकास, यात्री प्रतीक्षालय उन्नयन, महिला-पुरुष एवं दिव्यांग शौचालय, वीआईपी कक्ष, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा सेकेंड एंट्री सर्कुलेटिंग एरिया के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में स्टेशन आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्लेटफॉर्म विकास, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत एवं सिग्नल संबंधी परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

डीआरएम आशीष जैन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने, संभावित बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने तथा परियोजनाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।








