बलिया । थाना खेजुरी क्षेत्र के खड़सरा गांव में शनिवार को दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार 06 जून 2026 को समय करीब 14:47 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि खड़सरा निवासी रज्जब हुसैन उर्फ लकी पुत्र मो. रोजाद्दीन के घर में कुछ अज्ञात लोग, जिन्होंने अपने चेहरे ढक रखे थे, जबरन घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने घर में मौजूद उनकी पत्नी को डरा-धमकाकर कुछ सामान अपने कब्जे में ले लिया और बाहर से दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर, स्थानीय थाना पुलिस तथा सर्विलांस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पीड़ित परिवार से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खेजुरी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया।







