Search
Close this search box.

यूपी-बिहार बॉर्डर पर 1080 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, बैरिया पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

बैरिया । उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर स्थित जयप्रभा सेतु के बिहार छोर पर मांझी थाना पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार देर शाम भारी मात्रा में तस्करी की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने चोकर की बोरियों के बीच छिपाकर कंटेनर से बिहार ले जाई जा रही लगभग 1080 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त कर कंटेनर को सीज कर दिया तथा चालक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं वाहन को आगे ले जा रहे तस्कर और लाइजनर फरार हो गए।

मांझी थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के बैरिया क्षेत्र की ओर से एक कंटेनर में भारी मात्रा में शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और उत्पाद विभाग ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। जांच में चोकर की बोरियों के बीच विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी।

कंटेनर को थाना लाकर खाली कराया गया, जहां से करीब 1080 पेटी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। गिरफ्तार चालक पुनामा राम, निवासी पंजाब, से पूछताछ की जा रही है। चालक ने बताया कि शराब पंजाब से लोड कर बिहार पहुंचानी थी, लेकिन डिलीवरी स्थल की जानकारी उसे नहीं थी।

इस बड़ी बरामदगी के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि इतनी बड़ी शराब की खेप उत्तर प्रदेश सीमा पार कर बिहार तक कैसे पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए सीमा पर तैनात पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

संजय सिंह रिपोर्टर बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें