बलिया । शहर के आनंद नगर मोहल्ले में एक ही परिवार के कई लोगों को अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल किए जाने का मामला सामने आया है। घायल पक्ष ने इस घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद नगर निवासी अमरनाथ खरवार अपने परिवार के सदस्यों के साथ थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में अमरनाथ खरवार का पैर टूट गया, जबकि उनके बहनोई का हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं अमरनाथ की बहन के सिर में गंभीर चोट आई है तथा जबड़े में भी काफी चोट लगी है। इसके अलावा उनकी मां और अन्य परिजनों के हाथों में भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया में भर्ती कराया गया। घायल अमरनाथ खरवार एवं उनके परिजन अस्पताल के हड्डी वार्ड के बेड संख्या 2 और 3 पर भर्ती हैं। घायलों ने मीडिया के समक्ष अपनी आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि यह हमला आपसी रंजिश के कारण कराया गया है।
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है तथा अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








