चन्दौली। डीडीयू नगर स्थानीय विधायक रमेश जायसवाल ने सोमवार को विभागीय अधिकारियों के साथ गड़ई नदी की चल रही सफाई एवं खुदाई कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले पांडेपुर में गड़ई नदी पर निर्माणाधीन पुल का जायजा लिया, इसके बाद ग्राम सभा महदेउर पहुंचकर नदी की खुदाई और सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नदी की चौड़ाई एवं गहराई का भी मापन कराया गया।

विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में गड़ई नदी की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। नदी की सफाई पूरी होने से क्षेत्र में बाढ़ की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसान बिना किसी परेशानी के खेती कर सकेंगे।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। केवल पैदल मार्च करने से समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि उसके लिए जमीन पर कार्य करना पड़ता है।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात शुरू होने से पहले गड़ई नदी की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदार की जमानत राशि जब्त कर दी जाएगी।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








