चन्दौली । पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंगबाजी और अपराध का महिमामंडन करने वाले लोगों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण के निर्देशन में 1 जून से 5 जून तक जनपद के सभी थानों में “ऑपरेशन वज्रपात” चलाया गया।
पांच दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 64 गैंगों को चिन्हित किया। इस संबंध में 49 मुकदमे दर्ज किए गए तथा 187 नामजद व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 65 अन्य गैंग सदस्यों को पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील्स, फोटो और वीडियो के माध्यम से अपराधी छवि प्रस्तुत करने, हथियारों का प्रदर्शन करने तथा आम लोगों में भय का माहौल बनाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने, गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी प्रकार की गैंगबाजी, हथियार प्रदर्शन या आतंक फैलाने की जानकारी गोपनीय रूप से व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर दी जा सकती है। पुलिस ने अपराध और अराजकता के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रखने का भरोसा दिलाया है।









