Search
Close this search box.

नाला सफाई में लापरवाही पर नगर निगम का एक्शन, ठेकेदार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना

वाराणसी । मानसून से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में ट्रॉमा सेंटर से सनबीन स्कूल तक चल रहे नाला सफाई कार्य में गुणवत्ता संबंधी खामियां पाए जाने पर नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता पूर्ण तरीके से सफाई कार्य पूरा किया जाए।

रविवार को महापौर और नगर आयुक्त ने जगतगंज वार्ड के अंतर्गत मरी माई मंदिर पुलिया, रनिया महल और चौका घाट तक नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया गया। इसके बाद नगर आयुक्त ने भगवानपुर, गोवर्धन, सुसुवाही और करौंदी क्षेत्रों का भी दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान भगवानपुर वार्ड में सड़क पर अतिक्रमण पाया गया, जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जोनल अधिकारी को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता है।

नगर निगम ने संकेत दिया है कि जहां कार्य संतोषजनक मिलेगा वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि मानसून तक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें