Search
Close this search box.

कटौधी रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका

सोनभद्र । जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटौधी गांव के समीप रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह लगभग 11 बजे ग्राम प्रधान शोभनाथ ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे लाइन के पास करीब 20 वर्षीय युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और उसके पास से कोई ऐसा दस्तावेज भी नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पहचान के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी स्थित मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। साथ ही आसपास के थानों और क्षेत्रों में सूचना भेजकर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक किस ट्रेन से गिरा और वह कहां का रहने वाला था। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें