सोनभद्र । थाना दुद्धी क्षेत्र के ग्राम मलदेवा में रविवार को एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलदेवा निवासी 35 वर्षीय जमुना प्रजापति पुत्र स्वर्गीय किशुन चंद्र प्रजापति अपने घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। परिजनों ने जब उन्हें इस हालत में देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर पहुंची दुद्धी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







