गाजीपुर । जिला महिला अस्पताल के सामने पेयजल पाइपलाइन फट जाने से सड़क पर जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लगातार बह रहे पानी के कारण अस्पताल के मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई दिनों से पाइपलाइन से पानी रिस रहा है, जिससे सड़क की स्थिति बदहाल हो गई है। सड़क पर फैले कीचड़ और पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा बना हुआ है। वहीं पैदल चलने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है।
अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि यह समस्या अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के सामने होने के बावजूद अब तक दूर नहीं की गई है। लोगों ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और जल निगम विभाग से तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कराने तथा जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका भी समाप्त हो सके।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








