वाराणसी । 10 जून 2026 टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कबीरचौरा स्थित एस.एस.पी.जी. मंडलीय चिकित्सालय में क्षय रोगियों के लिए पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली प्रदान करते हुए कहा कि क्षय रोग पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच, नियमित दवा सेवन और संतुलित पोषण से इस रोग पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने का आह्वान किया और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में टीबी रोगियों के लिए जांच, दवाएं और उपचार की सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने जानकारी दी कि जनपद में तीन हैंडहेल्ड डिजिटल एक्स-रे मशीनों के माध्यम से व्यापक स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही डिजिटल एक्स-रे, बलगम जांच और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए रोग की प्रारंभिक पहचान सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाराणसी के सभी विकासखंडों में ट्रूनाट मशीन उपलब्ध होने से आधुनिक जांच स्थानीय स्तर पर संभव हो गई है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए टीबी उन्मूलन को जनआंदोलन बनाने और जनसहयोग बढ़ाने पर बल दिया।
गौरव केशरी मिर्जापुर रिपोर्टिंग।








