स्मार्ट सिटी काशी के तहत बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रहा वाराणसी नगर निगम अब प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम ने मणिकर्णिका महाश्मशान के निकट दोपहिया वाहनों के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित करने की योजना बनाई है।
नगर निगम के अनुसार, मणिकर्णिका महाश्मशान में अंतिम संस्कार के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिससे आसपास के सब्जी बाजार और घाट क्षेत्र में यातायात तथा पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नई पार्किंग व्यवस्था से क्षेत्र में भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वाराणसी धार्मिक पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम शहर के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या है, जिसके समाधान के लिए मणिकर्णिका महाश्मशान क्षेत्र में पार्किंग सुविधा विकसित करने की पहल की गई है।
इस परियोजना पर लगभग 48.88 करोड़ रुपये की लागत आएगी और यह पार्किंग पूरी तरह दोपहिया वाहनों के लिए समर्पित होगी। नगर निगम का मानना है कि इस सुविधा के शुरू होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था का लाभ मिलेगा तथा घाट क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।










