वाराणसी। के रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक डॉ. सुनील पटेल ने ग्राम रमना स्थित शिवर ट्रीटमेंट प्लांट (बजबजा प्लांट चौराहा) के पास प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क के लिए सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना का शिलान्यास किया। लगभग 67.43 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत 1.550 किलोमीटर चार लेन तथा 0.750 किलोमीटर दो लेन सड़क का निर्माण एवं चौड़ीकरण कराया जाएगा।

विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क क्षेत्र के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और वाराणसी की आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से माल परिवहन सुगम होगा, जिससे आसपास के गांवों और व्यापारिक गतिविधियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस परियोजना को रोहनिया विधानसभा के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि टेक्सटाइल पार्क और आधुनिक सड़क नेटवर्क से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा तथा रोहनिया उद्योग और रोजगार का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव अजीत पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, युवा मंच के जिलाध्यक्ष मानस सिंह, प्रधान राकेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, सहायक अभियंता शांतनु कुमार, जेई मुन्ना कुमार सहित भाजपा एवं अपना दल (एस) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।






