वाराणसी । शहर में 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की सनसनीखेज घटना के 11 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहने से सर्राफा व्यापारियों में भारी आक्रोश है। मामले के खुलासे में हो रही देरी को लेकर वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन ने आपात बैठक बुलाई, जिसमें सैकड़ों व्यापारियों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। बैठक के बाद व्यापारी चौक थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए 72 घंटे के भीतर चोरी गई चांदी की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस कोई ठोस सफलता हासिल नहीं कर सकी है, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो वाराणसी के सभी सर्राफा प्रतिष्ठान बंद कर दिए जाएंगे और व्यापारी सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेंगे।
सर्राफा एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेकर जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। व्यापारियों ने कहा कि अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई ही बाजार में विश्वास बहाल कर सकती है। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।







