Search
Close this search box.

यूपी में 60 हजार शिक्षक भर्ती की तैयारी तेज, आयोग को भेजी जाएंगी रिक्त पदों की जानकारी

उत्तर प्रदेश में लंबे समय से नई शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के ई-अधियाचन (e-Requisition) पोर्टल के सक्रिय होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षक भर्ती की तैयारियां तेज कर दी हैं। विभाग जल्द ही बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में रिक्त करीब 60 हजार शिक्षकों के पदों का विवरण आयोग को भेजने की तैयारी कर रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों के परिषद विद्यालयों में 11,508 शिक्षकों के पद खाली हैं। इन रिक्तियों की जानकारी पहले ही ऑफलाइन माध्यम से आयोग को उपलब्ध कराई जा चुकी है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में लगभग 48 हजार रिक्त पदों का ब्योरा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही है।

भर्ती प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभाग संबंधित सेवा नियमावली और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को भी अद्यतन कर रहा है। इसके बाद आयोग को रिक्त पदों का अंतिम अधियाचन भेजा जाएगा, जिससे भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

गौरतलब है कि यह पहली बार होगा जब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा। इससे पहले परिषद स्कूलों में शिक्षक भर्ती परीक्षाएं अन्य व्यवस्थाओं के तहत आयोजित की जाती थीं। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को नई उम्मीद मिली है।

Leave a Comment

और पढ़ें