Search
Close this search box.

मुख्यमंत्री योगी आज काशी में: लाभार्थियों से संवाद, ODOP प्रदर्शनी में दिखेगी बनारस की विरासत

वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी दौरे पर रहेंगे। उनका मुख्य कार्यक्रम चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित होगा, जहां वे केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और अनुभवों की जानकारी प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

इस अवसर पर ‘एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP)’ प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रदर्शनी में बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और बनारसी पान के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी सहित स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन कर काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कारीगरों की प्रतिभा को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री का यह दौरा जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत, स्थानीय उत्पादों के संवर्धन और काशी की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें