मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह का निधन हो गया। हादसा शिप्रा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे हुआ, जब प्रभात सिंह देवास से इंदौर लौट रहे थे।
दुर्घटना के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार सुबह प्रभात सिंह के पार्थिव शरीर को एयर लिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश में किया जाएगा। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।








