गाजीपुर । बिरनो विकास खंड क्षेत्र के कोड़री गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान (प्रशासक) जगनरायण यादव के आकस्मिक निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन के बाद जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों तथा ब्लॉक कर्मचारियों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।इस अवसर पर बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने कहा कि जगनरायण यादव पिछले तीन वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
लंबे समय तक उपचार के बाद बीते 1 जून को उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि जगनरायण यादव बेहद मिलनसार, सरल स्वभाव और सहयोगी व्यक्तित्व के धनी थे। उनके असमय निधन से न केवल कोड़री गांव बल्कि पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानों एवं ब्लॉक कर्मचारियों की ओर से उनकी पत्नी सविता यादव को आर्थिक सहयोग राशि प्रदान की गई। उपस्थित लोगों ने परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शचींद्र नाथ सिंह लल्लन, राजेंद्र सिंह यादव पप्पू, अजीत सिंह, ओमप्रकाश यादव, प्रमोद सिंह, पप्पू यादव तांती, मेवा यादव, धनंजय प्रजापति, सुरेंद्र राम, अवधेश यादव सहित दर्जनों ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि और ब्लॉक कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







