जम्मू-कश्मीर । के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस सोमवार तड़के दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस (नंबर AR 11 D 5655) बालटाल से श्रीनगर जा रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे हरिगनीवान के एस मोड़ के पास चालक का नियंत्रण बस से हट गया, जिससे वाहन सिंध नदी के किनारे लगभग 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने सभी करीब 50 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दुर्घटना में किसी भी यात्री की जान नहीं गई, हालांकि कई श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल, कंगन भेजा गया।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार दुर्घटना चालक के नियंत्रण खोने के कारण हुई। यात्रियों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।








