Search
Close this search box.

बड़ी गैबी की वीडीए कॉलोनी में युवक की चाकू मारकर हत्या, साथी युवक हिरासत में

वाराणसी । जनपद के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ी गैबी की वीडीए कॉलोनी में सोमवार को एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दीपांशु राय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के साथ रहने वाले कुश चौबे नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें