वाराणसी । वाराणसी मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा सघन टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में 28 जुलाई 2026 को सीवान स्टेशन को आधार बनाकर छपरा-गोरखपुर तथा सीवान-पंचदेवरी रेलखंड की विभिन्न ट्रेनों में मजिस्ट्रेट टिकट जांच अभियान चलाया गया।

53 यात्रियों से वसूले गए रु 44,665
अभियान के दौरान 75204 पंचदेवरी-सोनपुर, 55102 मऊ-छपरा, 55105 छपरा कचहरी-थावे, 75103 छपरा-थावे, 15028 मौर्या एक्सप्रेस, 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की जांच की गई। सीवान के मजिस्ट्रेट सुधांशु शेखर के नेतृत्व में मुख्य टिकट निरीक्षक वी.के. तिवारी, वाराणसी मंडल की रेड टीम के 13 टिकट जांच कर्मियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के 7 जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। जांच के दौरान कुल 53 बिना टिकट यात्री पकड़े गए, जिनसे ₹44,665 रेल राजस्व के रूप में वसूले गए।
वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील
अभियान के दौरान संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं, जो वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे नियमों का पालन करें तथा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें। रेलवे ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा।








