मिर्जापुर । के कटरा थाना क्षेत्र के बड़ी बसही गांव में भूमि और मकान विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। गांव निवासी वकील खान ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी विधिवत खरीदी गई जमीन और पक्के मकान पर गांव के ही लगभग 25 लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
वकील खान के अनुसार उन्होंने मौजा बसही स्थित आराजी संख्या 212 मि., रकबा 0.1900 हेक्टेयर भूमि और उस पर बने मकान को वैध बैनामे के माध्यम से खरीदा था। इसके बावजूद नामजद लोगों ने कथित रूप से संपत्ति पर कब्जा कर लिया और उसे खाली करने से इंकार कर दिया। पीड़ित का कहना है कि जब भी वह अपनी जमीन वापस लेने का प्रयास करते हैं, आरोपित समूह बनाकर दबाव बनाने पहुंच जाते हैं।



शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 14 जून 2026 को उनके पिता और भाई के साथ ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। पीड़ित ने दावा किया कि आरोपित पक्ष अपनी संख्या और प्रभाव का हवाला देकर खुलेआम धमकियां देता है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए वकील खान ने पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने, झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि एक मोबाइल नंबर से लगातार अभद्र भाषा और धमकी भरे कॉल किए जा रहे हैं, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से भूमि और मकान को कब्जामुक्त कराने, आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।









