Search
Close this search box.

प्रतापगढ़ में 6 घंटे की पंचायत के बाद प्रेमी जोड़े की हुई शादी, परिवारों की सहमति से मंदिर में लिए सात फेरे

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार शादी में बदल गया। कई घंटों तक थाने में चली बातचीत और पंचायत के बाद दोनों परिवारों ने सहमति जता दी, जिसके बाद प्रेमी जोड़े ने मंदिर में विवाह कर लिया। इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला पट्टी कोतवाली क्षेत्र के दाऊदपुर गांव का है। गांव की रहने वाली सानिया बानो और अमन कुमार पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों के घर भी एक-दूसरे के करीब हैं। जब परिवार वालों को उनके रिश्ते की जानकारी हुई तो इसका विरोध शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर युवती के पिता खुर्शीद आलम ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाने का प्रयास किया। बताया जाता है कि थाने में करीब छह घंटे तक पंचायत चली, जिसमें पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों को युवाओं की इच्छा का सम्मान करने की सलाह दी।

लंबी बातचीत के बाद माहौल बदल गया और सानिया के पिता ने बेटी की खुशी को देखते हुए रिश्ते के लिए हामी भर दी। परिवारों की सहमति मिलते ही दोनों पक्षों के बीच चल रहा तनाव समाप्त हो गया।

इसके बाद सानिया और अमन ने मंदिर में रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली और अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। बताया गया कि युवती ने शपथ पत्र देकर अपनी मर्जी से अमन को जीवनसाथी चुनने की बात कही, जबकि अमन ने भी जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए दोनों ने पहले ही नोटरी के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज और हलफनामा तैयार करा लिया था, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया कि यह विवाह दोनों की सहमति से हो रहा है।

फिलहाल, इस शादी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग इसे आपसी समझ और सहमति की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें