बलिया । रसड़ा आम आदमी पार्टी की विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक छितौनी गांव में आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार ने की तथा संचालन जिला महासचिव अंजनी कुमार तिवारी ने किया।

प्रदेश प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर संवाद स्थापित करने और दिल्ली तथा पंजाब में किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर जनता परेशान है, इसलिए पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाना आवश्यक है।
जिला महासचिव अंजनी कुमार तिवारी ने महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी गरीबों, किसानों और युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है। बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने तथा आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी दिया गया।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








