चन्दौली । जनपद में पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ट्रक से 925 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मुगलसराय थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ी गई इस खेप में करीब 8222.8 लीटर शराब शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 31 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तस्करों ने शराब को आलू की बोरियों के बीच बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर पंजाब से बिहार ले जाने की योजना बनाई थी, ताकि रास्ते में होने वाली जांच के दौरान किसी को संदेह न हो। पुलिस ने ट्रक को घेराबंदी कर रोका और मौके से चालक मो. जबीर को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद शराब से यह स्पष्ट हुआ कि इसे अवैध रूप से दूसरे राज्य में खपाने की तैयारी थी। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई हाल के समय में चंदौली पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है।







