हरिद्वार । दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा शनिवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने सिद्धपीठ दक्षिण काली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी और दक्षिण अफ्रीका के चर्चित कारोबारी अजय गुप्ता भी मौजूद रहे। जुमा और गुप्ता परिवार का संबंध लंबे समय से विवादों का विषय रहा है।
अजय गुप्ता 1985 में दक्षिण अफ्रीका गए थे और 1993 में सहारा कंप्यूटर्स की स्थापना की। इसके बाद गुप्ता परिवार ने कोयला खनन, मीडिया और अन्य क्षेत्रों में बड़ा कारोबारी साम्राज्य खड़ा किया। वर्ष 2000 के आसपास गुप्ता परिवार की जैकब जुमा से करीबी बढ़ी। जुमा के राष्ट्रपति बनने के बाद गुप्ता परिवार पर सरकारी ठेकों और उच्चस्तरीय नियुक्तियों में प्रभाव डालने के आरोप लगे। इन आरोपों के चलते दक्षिण अफ्रीका में “स्टेट कैप्चर” विवाद सामने आया और अंततः जुमा को राष्ट्रपति पद छोड़ना पड़ा।
बताया जा रहा है कि जुमा इन दिनों भारत दौरे पर हैं। वहीं, गुप्ता परिवार के दो सदस्य हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में गिरफ्तार किए गए हैं और उन्हें दक्षिण अफ्रीका प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में हरिद्वार में जुमा और अजय गुप्ता की संयुक्त मौजूदगी ने एक बार फिर राजनीतिक और कारोबारी हलकों का ध्यान आकर्षित किया।








