Search
Close this search box.

नागरिक विकास पार्टी की बैठक में भ्रष्टाचार, शिक्षा सुधार और चुनाव प्रक्रिया पर मंथन

बलिया । रसड़ा नागरिक विकास पार्टी (नाविपा) की एक महत्वपूर्ण बैठक छितौनी स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में देश और प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए भ्रष्टाचार, भू-माफिया, शिक्षा माफिया, प्रशासनिक अनियमितताओं और चुनाव प्रक्रिया जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार, निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है। पार्टी ने पूरे देश में समान शिक्षा व्यवस्था और समान पाठ्यक्रम लागू करने की मांग उठाई।

बैठक में चुनाव प्रणाली पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए ईवीएम के स्थान पर पुनः बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग की। न्यायपालिका को सशक्त बनाने तथा भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान रसड़ा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। पदाधिकारियों ने उनके निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया।

बैठक में कैप्टन अरविन्द कुमार सिंह, कैप्टन दिवाकर पाण्डेय, डॉ. शमीम अख्तर, गणेश पाण्डेय, इन्द्रजीत गुप्ता, वंदना श्रीवास्तव और सुभाष बरनवाल सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन जनहित के मुद्दों को लेकर आगे आंदोलन की रणनीति बनाने पर सहमति के साथ हुआ।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें