बलिया । जनपद के थाना दुबहड़ क्षेत्र में मंगलवार को गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि बयासी पुल के पास गंगा नदी में एक महिला का शव किनारे की ओर बहकर आया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नियमानुसार कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस बलिया भेज दिया।
शव की शिनाख्त इन्दू देवी (52 वर्ष), पत्नी ओमप्रकाश दूबे के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि इन्दू देवी अपने पति ओमप्रकाश दूबे के साथ सोमवार शाम करीब सात बजे घर से गंगा नदी में जल लेने गई थीं। इसके बाद दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
इसी बीच थाना कोतवाली के विचलाघाट चौकी क्षेत्र के शिवरामपुर घाट पर एक मोटरसाइकिल मिली, जिसकी पहचान ओमप्रकाश दूबे की बाइक के रूप में हुई। इसके बाद एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ओमप्रकाश दूबे की तलाश में गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने वीडियो बाइट के माध्यम से जानकारी दी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







