Search
Close this search box.

खाटू श्याम भजन संध्या में पहुंचे विनीत शारदा, व्यापारियों व मातृशक्ति को दिया भरोसे और एकता का संदेश

मेरठ । जनपद के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट सेक्टर-3 एवं सेक्टर-4 में आयोजित भगवान खाटू श्याम की भव्य भजन संध्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा शामिल हुए। उन्होंने मातृशक्ति और व्यापारियों के साथ बाबा श्याम के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, व्यापारियों की उन्नति तथा परिवारों की खुशहाली की कामना की।

सभा को संबोधित करते हुए विनीत शारदा ने कहा कि कठिन समय में धैर्य, विश्वास और एकता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने मातृशक्ति को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी चिंताओं और समस्याओं को भाजपा नेतृत्व गंभीरता से देख रहा है तथा न्यायपालिका का सम्मान करते हुए उनके हितों के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के आग्रह पर इस भजन संध्या में आना अपना सौभाग्य और कर्तव्य समझा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनका धर्म, पार्टी उनकी मां और व्यापारी उनकी आत्मा हैं, इसलिए व्यापारियों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए वह सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।

भजन संध्या में बड़ी संख्या में महिलाएं और व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने भगवान खाटू श्याम से परिवारों, घरों और दुकानों पर आए संकट को दूर करने तथा सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। कार्यक्रम में मनोज गुप्ता, संजीव पुंडीर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन में विनीत शारदा की उपस्थिति की लोगों ने सराहना की।

Leave a Comment

और पढ़ें