रोहनिया । आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के मिल्कीचक गांव के लोकप्रिय पूर्व ग्राम प्रधान राजाराम यादव का मंगलवार को 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
राजाराम यादव ने वर्ष 1971 से 1995 तक लगातार पांच बार ग्राम प्रधान के रूप में गांव की सेवा की। सादगी, सहजता और मिलनसार स्वभाव के चलते वह ग्रामीणों के बीच खासे लोकप्रिय थे। उनके निधन की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान पार्वती यादव, जिला पंचायत सदस्य ललित यादव, दर्शन यादव, सपा नेता सुधीर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग उनके आवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
लोगों ने उनके सामाजिक योगदान और लंबे सार्वजनिक जीवन को याद करते हुए कहा कि उनका निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। राजाराम यादव के दो पुत्र भैयालाल यादव और कृष्ण कुमार उर्फ बबलू यादव हैं।
उनकी शवयात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य और ग्रामीण शामिल हुए। वाराणसी के हरिश्चंद्र घाट पर परंपरानुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि छोटे पुत्र कृष्ण कुमार उर्फ बबलू यादव ने दी।







