वाराणसी । फूलपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर बेलवा गांव में मंगलवार सुबह पत्नी से कहासुनी के बाद 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान गांव निवासी जितेंद्र गौड़ के बड़े बेटे राजू गौड़ (21) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार राजू मजदूरी के साथ निजी नौकरी भी करता था। उसने पिछले वर्ष प्रेम विवाह किया था। कुछ समय से पत्नी से अनबन चल रही थी और वह मायके चली गई थी। कुछ दिन पहले राजू उसे मनाकर घर वापस लाया था।
ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद राजू कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। फूलपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस जांच कर रही है।







