वाराणसी । पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में ऑनलाइन निवेश से जुड़े वित्तीय साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में ‘निवेशक जागरूकता एवं वित्तीय साइबर सुरक्षा’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में हुआ।

कार्यशाला में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (NSE) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के विशेषज्ञों ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित निवेश के साथ वित्तीय साइबर सुरक्षा के उपाय बताए। डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि किसी भी वित्तीय टूल में निवेश से पहले उसकी पूरी जानकारी और जोखिम को समझना जरूरी है।

SEBI के रीजनल डायरेक्टर (नॉर्थ) विजयन्त वर्मा ने अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल, संदेश और फर्जी निवेश प्रस्तावों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा निवेश माध्यमों की विश्वसनीयता जांचने की बात कही। शिकायतों के लिए SEBI SCORES की जानकारी भी दी गई।

विपुल जैन ने सोशल मीडिया और YouTube की अपुष्ट निवेश सलाह से बचने को कहा। प्रश्नोत्तर सत्र में SIP, म्यूचुअल फंड, इक्विटी, गोल्ड, प्रॉपर्टी और PPF सहित विभिन्न निवेश विकल्पों पर चर्चा हुई। इसके बाद प्रश्नोत्तरी में अनुभव पाठक प्रथम, अंकित प्रधान द्वितीय और सोनू पटेल तृतीय रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार ने किया।





