Search
Close this search box.

यूपी में छह जिलों में होंगी अग्निवीर भर्ती रैलियां, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

लखनऊ । मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैलियों की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों और जिला प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की यह तीसरी रैली है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग और जिला प्रशासन आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें। भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय एवं आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि मेरठ में 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026, बरेली में 14 से 30 सितंबर, लखनऊ में 11 से 28 जनवरी 2027, वाराणसी में 2 से 27 फरवरी, आगरा में 4 से 24 मार्च तथा अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक अग्निवीर भर्ती रैलियां आयोजित होंगी। मुख्य सचिव ने अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें