म्यूल अकाउंट बनाकर न दें अपना बैंक खाता, वरना हो सकती है कानूनी कार्रवाई
वाराणसी। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को म्यूल अकाउंट यानी खच्चर खाते से सावधान रहने की जरूरत है। म्यूल अकाउंट वह बैंक खाता होता है, जिसका इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति के पैसे प्राप्त करने और फिर उन्हें दूसरे खाते में ट्रांसफर करने या नकद निकालने के लिए किया जाता है। ऐसे मामलों में देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार गिरफ्तारियां भी हो रही हैं।
कई बार साइबर अपराधी दोस्त, रिश्तेदार या परिचित बनकर कहते हैं कि उनके बैंक खाते में समस्या है, इसलिए कुछ समय के लिए अपने खाते में पैसे मंगवा लें और बाद में उन्हें नकद दे दें। ऐसी स्थिति में किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।
जानकारी के अभाव में उठाया गया यह कदम व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी तक पहुंचा सकता है। यदि आपने अपना खाता किसी को दिया है या किसी अन्य व्यक्ति के पैसे अपने खाते में मंगवाए हैं, तो तत्काल बैंक और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें। यह सावधानी आपको गंभीर कानूनी परेशानी से बचा सकती है।






