वाराणसी । विश्व युवक केंद्र एवं यू.एस.एस. फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से वाराणसी इनक्लेव कॉलोनी, मुड़ैला में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छायादार और फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यू.एस.एस. फाउंडेशन के सचिव शशि शंकर पटेल ने की।


कार्यक्रम के अंतर्गत दिशा कॉन्वेंट स्कूल के लगभग 150 बच्चों ने जागरूकता रैली निकालकर कॉलोनीवासियों से पेड़-पौधों के संरक्षण की अपील की। बच्चों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “जहां हरियाली है, वहीं खुशहाली है” और “धरती मां की यही पुकार, पेड़ लगाओ बार-बार” जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


संदीप मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत कचनार, नीम, टिकोमा, पारिजात, गुलमोहर, बेल, कनेर, संतरा, नींबू, कटहल, चंपा, शीशम, सागवान, पीपल और कड़ी नीम सहित अनेक प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उन्होंने बताया कि संस्था के सहयोग से वाराणसी इनक्लेव कॉलोनी को “ग्रीन कॉलोनी” के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

विश्व युवक केंद्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर सिंह ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों और कॉलोनीवासियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और लोगों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होगा। कार्यक्रम में सुनील कुमार गुप्ता, रतन कुमार, प्रदीप सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









