Search
Close this search box.

सीएमओ ने पल्स पोलियो जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील

वाराणसी। 27 जून 2026 रविवार से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन और जन-जागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर से जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद अवश्य पिलवाएं।

जनपद के सभी विकास खंडों के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी जागरूकता रैलियां निकाली गईं। इनमें आशा कार्यकर्ता, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर लेकर लोगों को पोलियो मुक्त भारत के संकल्प में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि 28 जून (रविवार) को जिले के सभी पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून (सोमवार) से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को वैक्सीन देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए हर अभिभावक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की। इस दौरान डब्ल्यूएचओ के सर्विलांस ऑफिसर डॉ. महेंद्र, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें